दरभंगा सहित पूरे बिहार में ग्रामीण इलाकों के गरीब और जरूरतमंद परिवारों का पक्के मकान का सपना अब हकीकत में बदल रहा है। गुरुवार को दरभंगा समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हजारों लाभुकों को उनके नए घर की चाबी और स्वीकृति पत्र सौंपे गए।
केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री ने की बड़े स्तर पर शुरुआत
वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत पूरे राज्य में 2 लाख 35 हजार आवासों का निर्माण पूरा कर लिया गया है। इस ऐतिहासिक अवसर पर केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य स्तर पर प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों को स्वीकृति पत्र और घर की चाबियां वितरित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर केंद्र सरकार की तरफ से बिहार राज्य के लिए नए आवास निर्माण का एक बड़ा लक्ष्य भी आवंटित किया गया है, ताकि कोई भी पात्र परिवार पक्के मकान से वंचित न रहे।
दरभंगा में 17 हजार से अधिक पक्के मकान बनकर तैयार
जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के तहत अकेले दरभंगा जिले में अब तक 17,579 पक्के मकानों का निर्माण कार्य पूरी तरह से संपन्न हो चुका है।
कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के उन गरीब परिवारों को एक सुरक्षित और पक्का आशियाना मुहैया कराना है, जो सालों से कच्ची झोपड़ियों में रहने को मजबूर हैं।
सांसद और डीएम ने लाभुकों को सौंपी घर की चाबी
दरभंगा समाहरणालय के सभागार में आयोजित इस खास कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद धर्मशिला गुप्ता, दरभंगा ग्रामीण के विधायक राजेश कुमार मंडल, जिलाधिकारी कौशल कुमार और उप विकास आयुक्त स्वप्निल मौजूद रहे।
इन सभी गणमान्य अतिथियों ने अपने हाथों से दर्जनों लाभुकों को घर की चाबियां सौंपीं और उन्हें नए जीवन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान दरभंगा के विभिन्न प्रखंडों के नए चयनित लाभुकों को नए आवास निर्माण के लिए स्वीकृति पत्र (Approval Letter) भी वितरित किए गए।
इन लाभुकों के चेहरों पर आई पक्के घर की मुस्कान
इस कार्यक्रम में विशेष रूप से दरभंगा सदर और बहादुरपुर प्रखंड के लाभुकों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया और उन्हें गृह प्रवेश की चाबी दी गई।
दरभंगा सदर प्रखंड से रेणु देवी, दुखी कुमार यादव, नरगिस परवीन, फूल कुमारी, उमेश महतो, रंजीत महतो, विमल देवी और आरती देवी ने खुशी-खुशी अपने पक्के मकान की चाबी ली। वहीं, बहादुरपुर प्रखंड से राम प्रकाश यादव, राम बिनाय यादव, राम ललन सिंह, अजय सहनी, हरिश्चंद्र झा, श्याम कुमार भारती और सुरेश शर्मा सहित कई लाभुकों को स्वीकृति पत्र और चाबी प्रदान की गई।
- Darbhanga News: गंगवाड़ा सदर अस्पताल में शुरू हुईं 6 नई सेवाएं, अगले सप्ताह ऑपरेशन की तैयारी
- दुर्गा पूजा में DJ पर पूर्ण प्रतिबंध, पंडालों में CCTV अनिवार्य; दरभंगा पुलिस ने शांति समिति की बैठक में दिए सख्त निर्देश
- Darbhanga News: लोहिया चौक से पंडासराय गुमटी तक सड़क चौड़ीकरण का DM ने किया निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने का कड़ा निर्देश
- Darbhanga News: स्नातक MLC चुनाव के लिए रौशन कुमार राही ने दाखिल किया नामांकन, कमिश्नर के समक्ष ली शपथ
- Darbhanga News: एलिवेटेड रोड की जद में आए लहेरियासराय थाना और SDPO दफ्तर, स्थिति का जायजा लेने पहुंचे DM-SSP
आपका छोटा सा सहयोग हमारी पत्रकारिता को नई मजबूती देता है।




