दरभंगा, 09 सितंबर 2026: रैयाम चीनी मिल परिसर स्थित निरीक्षण भवन में बुधवार को करीब 350 गन्ना उत्पादक किसानों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। राज्य योजना के तहत चल रहे गन्ना प्रौद्योगिकी विस्तार कार्यक्रम 2026-27 में किसानों को उन्नत खेती की तकनीक, बीज उपचार, सिंचाई, उर्वरक और कीट-रोग नियंत्रण की जानकारी दी गई। इसी कार्यक्रम के दौरान गन्ना उद्योग विभाग और चीनी मिल के संयुक्त कार्यालय के संचालन के लिए निरीक्षण भवन की चाभी भी सौंपी गई।
किसानों को उन्नत गन्ना खेती की तकनीक समझाई गई
प्रशिक्षण के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र, जाले के वरीय वैज्ञानिक ने किसानों को गन्ने की उन्नत खेती के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। इसमें गुणवत्तापूर्ण बीज का चयन, बीज उपचार, सिंचाई प्रबंधन, खाद एवं उर्वरक का संतुलित इस्तेमाल तथा कीट और रोग नियंत्रण जैसे विषय शामिल रहे।
किसानों को वैज्ञानिक पद्धति अपनाकर गन्ने की उत्पादकता और गुणवत्ता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं सहायक निदेशक, ईख विकास ने गन्ना उद्योग विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से गन्ना क्षेत्र विस्तार योजना और यंत्रीकरण योजना का लाभ लेने के लिए अधिक से अधिक आवेदन करने तथा गन्ना पंजीकरण को प्राथमिकता देने की अपील की।

रैयाम और सकरी मिलों की तैयारियों की दी गई जानकारी
कार्यक्रम में इंडियन पोटाश लिमिटेड के केन हेड एवं प्रतिनिधि विनोद कुमार तिवारी ने रैयाम और सकरी चीनी मिलों से जुड़ी तैयारियों के बारे में किसानों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कंपनी के प्रतिनिधियों को गन्ना उत्पादन और चीनी मिल संचालन का अनुभव है तथा किसानों को उन्नत तकनीक के जरिए खेती के लिए आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
उनके अनुसार कंपनी उत्तर प्रदेश में छह, गुजरात में तीन और ओडिशा में दो चीनी मिलों का संचालन कर रही है। बिहार में रैयाम और सकरी चीनी मिलों के संचालन की दिशा में भी काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दोनों मिलों को वर्ष 2028 तक निर्धारित गन्ना लक्ष्य की पूर्ति के साथ चालू करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
इसके लिए करीब 50 लाख क्विंटल गन्ने की जरूरत होगी और लगभग 30 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में गन्ने की खेती आवश्यक बताई गई है। चालू वर्ष में करीब 5,000 एकड़ क्षेत्र में बीज के लिए गन्ने की खेती कराने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि अगले वर्ष लगभग 25,000 एकड़ क्षेत्र में खेती का विस्तार किया जा सके।

किसानों की सुविधा के लिए शुरू होगा संयुक्त कार्यालय
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी कौशल कुमार और दरभंगा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेश कुमार मंडल ने गन्ना उद्योग विभाग एवं मिल प्रतिनिधि को संयुक्त कार्यालय संचालन के लिए रैयाम चीनी मिल परिसर स्थित निरीक्षण भवन की चाभी सौंपी।
इस भवन का इस्तेमाल गन्ना उद्योग विभाग और चीनी मिल के कार्यालय के रूप में किया जाएगा। कार्यालय शुरू होने से किसानों को स्थानीय स्तर पर गन्ना पंजीकरण, विभागीय योजनाओं, क्षेत्र विस्तार, यंत्रीकरण और गन्ना उत्पादन से संबंधित जरूरी कार्यों के लिए सुविधा मिलने की बात कही गई।
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि रैयाम और सकरी चीनी मिल के शिलान्यास की प्रक्रिया शीघ्र होने वाली है। उन्होंने कहा कि बिहार कैबिनेट की ओर से इंडियन पोटाश लिमिटेड को दोनों चीनी मिलों से संबंधित कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए निर्देशित किया गया है।
गन्ने की खेती बढ़ाने की किसानों से अपील
जिलाधिकारी ने किसानों से अधिक क्षेत्र में गन्ने की खेती करने और उन्नत कृषि तकनीक अपनाकर उत्पादकता बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसानों को तकनीकी सहयोग और विभागीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन एवं संबंधित विभाग आवश्यक सहयोग करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि गन्ना किसानों की सुविधा और उनकी उपज को चीनी मिल तक आसानी से पहुंचाने के उद्देश्य से क्षेत्र की सड़कों के चौड़ीकरण तथा जरूरी आधारभूत संरचना के विकास की दिशा में काम किया जाएगा। इससे गन्ने के परिवहन में सुविधा मिलने और किसानों को अपनी उपज मिल तक पहुंचाने में सहूलियत होने की बात कही गई।
कार्यक्रम में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, ईख पदाधिकारी, कृषि विज्ञान केंद्र जाले के वरीय वैज्ञानिक, इंडियन पोटाश लिमिटेड के प्रतिनिधि, स्थानीय मुखिया, पैक्स अध्यक्ष सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी-कर्मी और बड़ी संख्या में गन्ना उत्पादक किसान मौजूद रहे।
- Darbhanga News: बाढ़ से सिंचाई तक दरभंगा के जल प्रबंधन पर बड़ा फोकस, गोपाल जी ठाकुर की जल संसाधन सचिव से हुई अहम चर्चा
- Darbhanga News: बच्चों की देखरेख से दत्तक ग्रहण प्रक्रिया तक डीएम की नजर, दो बाल देखरेख संस्थानों का किया निरीक्षण
- Darbhanga News: 12 सितंबर की राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए तैयारी पूरी, दरभंगा से बेनीपुर और बिरौल तक 30 बेंच गठित
- Darbhanga News: बिरौल में केंद्रीय विद्यालय की उम्मीद को मिली नई जमीन, डुमरी में प्रस्तावित स्थल का डीएम ने किया निरीक्षण
- Darbhanga News: दरभंगा में बैंकिंग व्यवस्था को नई दिशा देने की तैयारी, किसानों से युवाओं तक पर बढ़ा फोकस
आपका छोटा सा सहयोग हमारी पत्रकारिता को नई मजबूती देता है।



