मधुबनी, 8 अक्टूबर 2026। दुर्गा पूजा के दौरान मधुबनी में श्रद्धालुओं की सुरक्षा से लेकर भीड़ और ट्रैफिक प्रबंधन तक प्रशासन ने विशेष तैयारी की है। प्रत्येक प्रमुख पूजा पंडाल में एक पुलिसकर्मी ‘पुलिस मित्र’ के रूप में तैनात रहेगा, जबकि सप्तमी, अष्टमी और नवमी को महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस दीदी और डायल-112 की टीमें विशेष रूप से सक्रिय रहेंगी। पूजा के दौरान DJ, अश्लील गाने और आर्केस्ट्रा के आयोजन पर प्रतिबंध रहेगा तथा रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर के इस्तेमाल की अनुमति नहीं होगी।

दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी आनंद शर्मा और वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने जिला शांति समिति के सदस्यों और पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इसमें पूजा के शांतिपूर्ण आयोजन के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने पूजा समितियों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने और सरकार द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार सभी जरूरी तैयारियां पूरी करने को कहा।
पूजा पंडालों में पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वालंटियर रखने और उन्हें पहचान-पत्र जारी करने को कहा गया है। अग्नि सुरक्षा के लिए निर्धारित मानकों के अनुरूप अग्निशमन यंत्र रखने होंगे। बिजली के तारों का संयोजन सुरक्षित और मजबूत होना चाहिए तथा कहीं भी लूज वायर नहीं रहने देने का निर्देश दिया गया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष फोकस, भीड़ वाले इलाकों में बढ़ेगी पुलिस मौजूदगी
वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि प्रमुख पूजा पंडालों में तैनात ‘पुलिस मित्र’ पूजा समिति और प्रशासन के बीच संवाद तथा त्वरित सूचना के आदान-प्रदान का माध्यम बनेगा। सप्तमी, अष्टमी और नवमी को श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं की अधिक भीड़ को देखते हुए पुलिस दीदी और डायल-112 की टीमों को भ्रमणशील और सक्रिय रखा जाएगा। ज्यादा भीड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा।
विसर्जन के लिए निर्धारित मार्गों और स्थलों का पहले से निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। रास्ते में लूज वायर और विद्युत पोल को दुरुस्त करने, सड़क के गड्ढों की मरम्मत कराने और आवागमन सुगम रखने को कहा गया है। विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त रोशनी और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था रहेगी। आवश्यकता के अनुसार CCTV लगाने और आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए कंटीजेंसी प्लान तैयार करने का भी निर्देश दिया गया है।
सप्तमी, अष्टमी और नवमी को शहर में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए प्रशासन विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार करेगा। इसे पहले ही सार्वजनिक करने का निर्देश दिया गया है, ताकि लोगों को वैकल्पिक रास्तों की जानकारी मिल सके। इससे पूजा पंडालों और प्रमुख मार्गों के आसपास यातायात को व्यवस्थित रखने में मदद मिलेगी।
अफवाह फैलाने वालों पर नजर, 24×7 चलेगा कंट्रोल रूम
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाकर सामाजिक तनाव पैदा करने या शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की नजर रहेगी। प्रशासन ने कहा है कि ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। लोगों से किसी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी मिलने पर स्वयं कानून हाथ में नहीं लेने और तत्काल पुलिस-प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई है।
पूजा के दौरान निगरानी और जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता के लिए जिला नियंत्रण कक्ष 24×7 कार्यरत रहेगा। इसका नंबर 06276-224425 है। पूजा समितियों को यह नंबर अपने पंडालों में प्रमुखता से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि श्रद्धालु और आम लोग आवश्यकता पड़ने पर सीधे नियंत्रण कक्ष से संपर्क कर सकें।
नशे से जुड़ी गतिविधियों की सूचना देने के लिए एंटी-नारकोटिक हेल्पलाइन 9031626043 भी उपलब्ध रहेगी। प्रशासन के अनुसार इस नंबर पर मैसेज भेजकर सूचना दी जा सकती है, जिस पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। यह हेल्पलाइन वरीय पुलिस अधीक्षक के अधीन 365 दिन कार्यरत है और प्राप्त संदेशों की निगरानी की जाती है।
सदर अनुमंडल के शंभुआर (भीठी) और जयनगर अनुमंडल के लदनियाँ में रावण दहन कार्यक्रम को देखते हुए भी अलग से सुरक्षा व्यवस्था करने को कहा गया है। संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों को आयोजन समिति के अध्यक्ष के साथ आयोजन स्थल पर बैठक कर सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, अग्निशमन और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में नगर आयुक्त उमेश कुमार भारती, अपर समाहर्ता राजस्व मुकेश रंजन, सदर अनुमंडल पदाधिकारी चंदन कुमार झा, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित जिले के कई वरीय अधिकारी और पूजा समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अन्य अनुमंडल पदाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े।
- Madhubani News: दुर्गा पूजा और रावण वध को लेकर मधुबनी में ‘अलर्ट मोड’ पर प्रशासन, DM-SSP ने खुद परखी चप्पे-चप्पे की सुरक्षा
- Madhubani News: सरकारी दफ्तरों के चक्कर से आज़ादी, मधुबनी में जनता के दरवाजे पहुंचा प्रशासन, घर बैठे सुलझ रहे मामले
- Madhubani News: दुर्गा पूजा पर मधुबनी में 16 से 21 अक्टूबर तक अधिकारियों की छुट्टियां रद्द, 8 को DM करेंगे समीक्षा बैठक
- Madhubani News: ट्रस्ट की जमीन पर अवैध कब्जे और प्रखंड में वित्तीय धांधली की होगी जांच, डीएम आनंद शर्मा ने दिए सख्त निर्देश
- Madhubani News: ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का हुआ समापन, अब विशेष अभियान से जारी रहेगा संकल्प; जीवछ नदी कायाकल्प में जीतें ₹25,000 तक इनाम
आपका छोटा सा सहयोग हमारी पत्रकारिता को नई मजबूती देता है।




