मधुबनी, 2 अक्टूबर 2026। मधुबनी जिले में पिछले 15 दिनों से (17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक) चल रहे व्यापक ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का शुक्रवार को औपचारिक समापन हो गया। इस अवधि के दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जलस्रोतों के बचाव को लेकर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों और आम नागरिकों के सामूहिक प्रयास से स्वच्छता अभियान ने जिले में एक बड़े जनआंदोलन का रूप ले लिया है। अभियान के समापन के साथ ही जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वच्छता का यह संकल्प थमेगा नहीं, बल्कि अब इसे ‘विशेष स्वच्छता अभियान’ के रूप में निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।
15 दिनों के इस सेवा अभियान के तहत जिले भर में नुक्कड़ नाटक, गंगा आरती, श्रमदान, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जांच शिविर, विशेष ग्राम सभाएं, कबाड़ से जुगाड़, रंगोली व चित्रकला प्रतियोगिताएं, फैंसी क्रिकेट मैच, रैली और मशाल जुलूस जैसे बहुआयामी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस महाअभियान को सफल बनाने में नगर निगम, जिला गंगा समिति (नमामि गंगे), लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग और जीविका दीदियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जीवछ नदी पुनर्जीवन महाअभियान बना आकर्षण का केंद्र
स्वच्छता ही सेवा अभियान का सबसे प्रमुख और प्रभावकारी आकर्षण ‘जीवछ नदी पुनर्जीवन महाअभियान’ रहा, जिसकी शुरुआत 24 सितंबर को की गई थी। नगर निगम, नमामि गंगे, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान और स्थानीय ग्रामीणों के साझा सहयोग से ऐतिहासिक जीवछ नदी से जलकुंभी एवं कचरा हटाने तथा नदी घाटों की सफाई का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान की अवधि समाप्त होने के बावजूद जीवछ नदी के पुनर्जीवन का कार्य तब तक जारी रहेगा जब तक नदी पूरी तरह स्वच्छ और प्रवाहमान नहीं हो जाती। इस अभियान का उद्देश्य न केवल सफाई करना है, बल्कि आम नागरिकों को नदी में कचरा न डालने और जलस्रोतों के प्रति संवेदनशील बनाने की दीर्घकालिक आदत विकसित करना भी है।
₹25,000 तक जीतने का मौका, ‘स्वच्छता चैलेंज’ में 12 अक्टूबर तक पंजीकरण
जिलेवासियों को अपने आसपास के नदी-तालाबों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई के प्रति जागरूक करने के लिए 22 सितंबर से शुरू की गई ‘स्वच्छता चैलेंज प्रतियोगिता’ को लेकर युवाओं और सामाजिक समूहों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। प्रतियोगिता के तहत प्रतिभागियों को अपने आसपास के जलस्रोतों की सफाई कर उसके फोटो व वीडियो साझा करने होते हैं।
उप विकास आयुक्त (DDC) श्री तुषार कुमार ने जिलेवासियों से इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए स्वच्छता को दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम पुरस्कार ₹25,000, द्वितीय पुरस्कार ₹15,000 और तृतीय पुरस्कार ₹10,000 की राशि के साथ प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। भाग लेने के इच्छुक नागरिक व संस्थाएं 12 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित गूगल फॉर्म लिंक (https://forms.gle/77vVyceXwRE2eiiK7) पर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
विशेष अभियान के जरिए जारी रहेंगी तमाम गतिविधियां
जिला प्रशासन की योजना के अनुसार, अब विशेष अभियान के तहत मधुबनी जिले के सभी नगर निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों में जलस्रोतों की स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और जनभागीदारी की गतिविधियों को आगे बढ़ाया जाएगा। स्कूलों-कॉलेजों में विद्यार्थियों को पर्यावरण से जोड़ने और ग्रामीण इलाकों में ग्राम सभाओं के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का सिलसिला जारी रहेगा। प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास सफाई बनाए रखें और एक स्वच्छ, सुंदर व हरित मधुबनी के निर्माण में अपना बहुमूल्य योगदान दें।
- Madhubani News: दुर्गा पूजा और रावण वध को लेकर मधुबनी में ‘अलर्ट मोड’ पर प्रशासन, DM-SSP ने खुद परखी चप्पे-चप्पे की सुरक्षा
- Madhubani News: मधुबनी में दुर्गा पूजा में हर प्रमुख पंडाल पर ‘पुलिस मित्र’, DJ और अश्लील कार्यक्रम पर रोक
- Madhubani News: सरकारी दफ्तरों के चक्कर से आज़ादी, मधुबनी में जनता के दरवाजे पहुंचा प्रशासन, घर बैठे सुलझ रहे मामले
- Madhubani News: दुर्गा पूजा पर मधुबनी में 16 से 21 अक्टूबर तक अधिकारियों की छुट्टियां रद्द, 8 को DM करेंगे समीक्षा बैठक
- Madhubani News: ट्रस्ट की जमीन पर अवैध कब्जे और प्रखंड में वित्तीय धांधली की होगी जांच, डीएम आनंद शर्मा ने दिए सख्त निर्देश
आपका छोटा सा सहयोग हमारी पत्रकारिता को नई मजबूती देता है।




