दरभंगा, 28 सितंबर 2026। बिहार विधान परिषद के ’05-दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र 2026′ के चुनाव को पारदर्शी और सुव्यवस्थित तरीके से कराने की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-डीएम कौशल कुमार ने बड़ा फैसला लेते हुए जिले में ‘एकल खिड़की व्यवस्था’ (Single Window System) लागू कर दी है। इस व्यवस्था के तहत चुनाव के दौरान राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों को रैलियों और जनसभाओं की अनुमति अब एक ही जगह से आसानी से मिल सकेगी।
जिला प्रशासन के अनुसार, इस एकल खिड़की व्यवस्था के जरिए चुनाव प्रचार से जुड़ी तमाम गतिविधियों के लिए एक ही जगह पर आवेदन जमा किया जा सकेगा। इसके तहत आम सभा, जुलूस, वाहनों के इस्तेमाल, रैली और गैर-वाणिज्यिक हवाई अड्डे या हेलीपैड के उपयोग के लिए आवश्यक मंजूरी प्रदान की जाएगी। इस पहल से प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों को अलग-अलग दफ्तारों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और उनके समय की बचत होगी।
चुनाव प्रक्रिया को तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने के लिए जिला स्तर पर जिला आईटी सेल में विशेष ‘एकल खिड़की कोषांग’ स्थापित किया गया है। डीएम कौशल कुमार ने वरीय उप समाहर्ता सोनल कुमार महतो को इस कोषांग का नोडल अधिकारी नामित किया है। नोडल अधिकारी को निर्देश दिया गया है कि वे विभिन्न विभागों से तेजी से अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC) प्राप्त कर सक्षम प्राधिकारी के समक्ष आवेदनों को स्वीकृत कराने की कार्रवाई पूरी करें।
लाउडस्पीकर के प्रयोग को लेकर प्रशासन ने अनुमंडल स्तर पर विशेष व्यवस्था की है। लाउडस्पीकर की अनुमति निर्गत करने के लिए सदर, बेनीपुर और बिरौल अनुमंडल कार्यालयों में अलग से एकल खिड़की काउंटर बनाए गए हैं। संबंधित अनुमंडल अधिकारियों (SDO) को निर्देश दिया गया है कि वे कंप्यूटर सामग्री, स्टेशनरी और पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती कर आवेदनों का त्वरित निपटारा सुनिश्चित करें, ताकि प्रत्याशियों को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस क्लीयरेंस को सुगम बनाने के लिए कोषांग में एक नोडल पुलिस अधिकारी की तैनाती भी की जा रही है। इसके लिए एसएसपी दरभंगा स्तर से पुलिस अधिकारी की नियुक्ति होगी। नोडल पुलिस अधिकारी जिला मुख्यालय में तैनात रहकर जिले के सभी थाना प्रभारियों से लगातार समन्वय स्थापित करेंगे। वे प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद पुलिस विभाग की ओर से जरूरी अनापत्ति (NOC) प्रक्रिया को समय सीमा में पूरा कराएंगे।
इसके साथ ही दरभंगा के सभी अनुमंडल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में अनुमंडल स्तरीय कोषांग गठित करने का आदेश दिया गया है। यह कोषांग स्थानीय अंचलाधिकारी, पुलिस अधिकारियों, स्कूलों और कॉलेजों के प्राचार्यों से संपर्क साधकर अनापत्ति प्रमाण-पत्र जुटाएगा। इस पूरी पारदर्शी व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य चुनावी गतिविधियों के लिए नियमानुसार समयबद्ध तरीके से अनुमतियां उपलब्ध कराना और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल बिठाना है।
- Darbhanga News: एमके कॉलेज में ‘स्वच्छता ही सेवा’ के तहत रंगोली व क्राफ्ट प्रतियोगिता, युवाओं को स्वच्छता का संदेश
- Darbhanga News: डीडीसी की अध्यक्षता में विकास कार्यों की समीक्षा, 6 से 8 अक्टूबर तक लगेगा ‘सहयोग शिविर’
- नेपाल में भारी बारिश से दरभंगा में बाढ़ का अलर्ट, डीएम ने बिरौल के अधिकारियों संग की आपात समीक्षा बैठक
- Darbhanga News: मद्यनिषेध कानून में जब्त 30 वाहनों की नीलामी, 29.18 लाख रुपये राजस्व की उम्मीद
- Darbhanga News: गन्ने की खेती में बढ़ेगी तकनीक की भूमिका, किसानों को मुफ्त बीज से लेकर यंत्रीकरण तक की दी जानकारी
आपका छोटा सा सहयोग हमारी पत्रकारिता को नई मजबूती देता है।



