मुजफ्फरपुर, 29 अक्टूबर 2026। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन ने अभी से ही कमर कस ली है। इस साल नदियों के बढ़े हुए जलस्तर और नए हाई फ्लड लेवल (HFL) को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम करने का फैसला किया है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक गंगा, गंडक और अन्य नदियों के घाटों की साफ-सफाई, सुदृढ़ीकरण और सौंदर्यीकरण का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है।
जिलाधिकारी श्री कुमार गौरव ने दो टूक निर्देश दिए हैं कि इस बार का महापर्व पूरी तरह ‘इंसिडेंट-फ्री’ (दुर्घटना-रहित) होना चाहिए। इसके लिए नगर निगम, ग्रामीण विकास, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य, बिजली और पुलिस समेत तमाम विभाग आपसी तालमेल के साथ मैदान में उतर चुके हैं। घाटों के समतलीकरण से लेकर पहुंच पथों के निर्माण और प्रकाश व्यवस्था तक के सभी कार्य समय सीमा के भीतर पूरा करने के आदेश दिए गए हैं।
इस बार मानसून के दौरान नदियों के जलस्तर में भारी वृद्धि दर्ज की गई थी और नया HFL बना था। इसे ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने का निर्णय लिया है। डीएम ने सभी अनुमंडल अधिकारियों, डीएसपी, बीडीओ और थानाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि वे संयुक्त रूप से सभी घाटों का मुआयना करें। भौगोलिक स्थिति और जलस्तर में बदलाव को देखते हुए खतरनाक और अनुपयुक्त घाटों की सूची तैयार कर सार्वजनिक डोमेन में जारी की जाएगी।
छठव्रतियों और दूर-दराज से अपने घर लौटने वाले प्रवासियों की सुविधा के लिए प्रशासन ने व्यापक ब्लूप्रिंट तैयार किया है। घाटों पर सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम, पेयजल के लिए चापाकल, अस्थायी शौचालय, पर्याप्त रोशनी और पार्किंग की पुख्ता व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा उत्कृष्ट भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के लिए प्रमुख घाटों पर वाच टावर, नियंत्रण कक्ष और चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
त्योहार के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू रहे, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस का विशेष प्लान तैयार किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से हर प्रमुख घाट पर मेडिकल टीमें और एम्बुलेंस तैनात रहेंगी। ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ के तहत घाटों की सीढ़ियों की रंगाई-पुताई कर उन्हें आकर्षक रूप दिया जा रहा है, ताकि व्रतियों को पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लोक आस्था के इस महापर्व में हर श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी प्रभावी कम्युनिकेशन प्लान और पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी ड्यूटी निभाएंगे। जिला प्रशासन का यह व्यापक एक्शन प्लान यह सुनिश्चित करेगा कि हर परिवार पूरी श्रद्धा, सुरक्षा और उल्लास के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य दे सके।
- तिरहुत विधान परिषद चुनाव में गड़बड़ी की तो खैर नहीं; चप्पे-चप्पे पर 84 फ्लाइंग स्क्वॉड तैनात, प्रमंडलीय आयुक्त की सीधी चेतावनी
- Muzaffarpur News: पीएनजी गैस कनेक्शन की धीमी रफ्तार पर DM सख्त, 3 महीने में 55 हजार घरों तक पाइपलाइन पहुंचाने का लक्ष्य
- Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में घटने लगा नदियों का जलस्तर, अब बीमारी रोकने और सड़क-फसल नुकसान के मुआवजे पर फोकस, DM ने दिए SOP निर्देश
- Muzaffarpur News: बाढ़ के बीच इन्फ्लेटेबल मोटर बोट से ‘माधोपुर हजारी’ पहुंचे DM कुमार गौरव, खुद बांटी राहत सामग्री
- Muzaffarpur News: बाढ़ के खतरे के बीच DM कुमार गौरव का ‘ग्राउंड जीरो’ एक्शन, साहेबगंज के माधोपुर हजारी रिंग बांध का किया सघन निरीक्षण
आपका छोटा सा सहयोग हमारी पत्रकारिता को नई मजबूती देता है।




