पुपरी, 25 सितंबर 2026। आगामी पर्व-त्योहार को शांतिपूर्ण माहौल में कराने के लिए पुपरी अनुमंडल प्रशासन ने तैयारियों की समीक्षा शुरू कर दी है। अनुमंडल पदाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में हुई बैठक में प्रखंड और थाना स्तर के अधिकारियों से तैयारी का फीडबैक लिया गया। बैठक में विधि-व्यवस्था से जुड़े अलग-अलग बिंदुओं पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए।
बैठक में पुपरी, चोरौत, नानपुर, बोखड़ा, बाजपट्टी और सुरसंड प्रखंडों की तैयारियों की प्रखंडवार समीक्षा हुई। एसडीएम ने अधिकारियों से क्षेत्र की स्थिति और संभावित संवेदनशील स्थानों की जानकारी ली। उन्होंने बीडीओ, सीओ और थानाध्यक्षों को पूजा समितियों के साथ बैठक करने तथा पूजा आयोजन के लिए लाइसेंस की प्रक्रिया समय पर शुरू कराने का निर्देश दिया, ताकि त्योहार के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
पूजा समितियों से बैठक और लाइसेंस प्रक्रिया पर जोर
प्रशासन ने पर्व-त्योहार के दौरान होने वाली गतिविधियों पर नजर रखने को भी कहा है। एसडीएम ने प्रखंड और थाना स्तर के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में पूजा समितियों के साथ समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया। इसके साथ ही समितियों से लाइसेंस की प्रक्रिया शुरू कराने को कहा गया है।
बैठक में नशीली दवाओं की बिक्री और सेवन का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। एसडीएम ने संबंधित प्रखंड के पदाधिकारियों और थानाध्यक्षों को केवल चौक-चौराहों तक सीमित न रहते हुए ग्रामीण इलाकों में भी छापेमारी कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मध निषेध थाना के अधिकारियों को भी नशापान के खिलाफ कार्रवाई तेज करने को कहा गया।
संवेदनशील जगहों पर पुलिस की निगरानी बढ़ेगी
पर्व-त्योहार के दौरान पुलिस व्यवस्था को लेकर एसडीपीओ सुनीता कुमारी ने भी थानाध्यक्षों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों की स्थिति का फीडबैक लेने और वहां निगरानी बनाए रखने को कहा।
एसडीपीओ ने चौक-चौराहों पर नियमित वाहन जांच करने, जरूरत के अनुसार निरोधात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने और आपराधिक तत्वों पर नजर रखने के निर्देश दिए। त्योहार के दौरान भीड़ और आवाजाही बढ़ने की स्थिति को देखते हुए पुलिस को क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहने को कहा गया।
लापरवाही पर साफ संदेश
बैठक के दौरान एसडीएम गौरव कुमार ने अधिकारियों को विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए प्रखंड और थाना स्तर के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार स्थिति पर नजर रखने और जरूरत के अनुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक में पुपरी, चोरौत, नानपुर, बोखड़ा, बाजपट्टी और सुरसंड के बीडीओ, सीओ और थानाध्यक्षों के अलावा भिट्ठामोड़ तथा मध निषेध थाना पुपरी के पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
- Sitamarhi News: सीतामढ़ी में संभावित बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट, एसडीओ ने रुन्नीसैदपुर में तटबंधों और अस्पतालों का किया औचक निरीक्षण
- Sitamarhi News: तिरहुत स्नातक और शिक्षक चुनाव की तारीखें घोषित, 23 अक्टूबर को मतदान और 27 को आएंगे नतीजे
- Sitamarhi News: सीतामढ़ी में ऋण देने में देरी पर डीएम सख्त, बैंकों से कहा- लापरवाही बर्दाश्त नहीं
- Sitamarhi News: रहने के लिए जमीन नहीं तो पटना जाने की जरूरत नहीं, 22 सितंबर से लगेंगे अभियान बसेरा के शिविर
आपका छोटा सा सहयोग हमारी पत्रकारिता को नई मजबूती देता है।



