सासाराम (रोहतास), 26 सितंबर 2026। पटना उच्च न्यायालय के एक महत्वपूर्ण आदेश के अनुपालन में शनिवार को रोहतास जिले की न्यायपालिका और प्रशासन ने बाल देखरेख संस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी। हाईकोर्ट में दायर सीडब्ल्यूजेसी (CWJC) नंबर 1848/2022 में दिए गए निर्देशों के आलोक में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनुज कुमार जैन और जिलाधिकारी (DM) दीपक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में रोहतास पर्यवेक्षण गृह (ऑब्जर्वेशन होम) का संयुक्त रूप से सघन निरीक्षण किया गया।

अधिकारियों ने मौके पर ही व्यवस्थाओं का आकलन किया और यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि बाल देखरेख संस्थाओं में किशोरों का संरक्षण निर्धारित मानकों के अनुरूप ही हो। निरीक्षण समिति ने बच्चों की देखभाल में लगे कर्मियों से जरूरी पूछताछ भी की, ताकि किसी भी स्तर पर कोई कमी न रहे।
इस हाई-लेवल समीक्षा के दौरान अधिकारियों का मुख्य फोकस रोहतास पर्यवेक्षण गृह में रह रहे 50 विधि-विवादित किशोरों (कानून से संघर्षरत बच्चों) को मिलने वाली बुनियादी और कानूनी सुविधाओं पर रहा। टीम ने किशोरों के रहने की व्यवस्था, उन्हें दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता, चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया।

इसके अलावा परिसर की साफ-सफाई और बच्चों के मानसिक व शारीरिक विकास के लिए चलाई जा रही शैक्षणिक व अन्य रचनात्मक गतिविधियों की भी विस्तृत जानकारी ली गई।
इस संयुक्त निरीक्षण में जिले के लगभग सभी शीर्ष अधिकारी मौजूद थे, जो इस कार्रवाई की गंभीरता को दर्शाता है। जांच टीम में रोहतास के पुलिस अधीक्षक (SP) श्री राज, सासाराम नगर निगम के आयुक्त विकास कुमार, सिविल सर्जन डॉ. मणि रंजन और जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय शामिल थे।
इनके अलावा सीजेएम सासाराम राधा कुमारी, किशोर न्याय परिषद के प्रभारी प्रधान दंडाधिकारी निलेश भारद्वाज, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव कृष्ण देव कुमार, और बाल संरक्षण इकाई से जुड़ीं सुश्री विनीता कुमारी व चित्रा कुमारी सहित कई अन्य वरीय पदाधिकारी इस मौके पर उपस्थित रहे।
- Rohtas News: पर्यटन के नक्शे पर उभरेगा दहासील पोखरा और तेंदुआ शिव मंदिर, डीएम ने दिए अतिक्रमण हटाने के सख्त निर्देश
- Rohtas News: डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने की राजस्व विभाग की समीक्षा, दाखिल-खारिज और परिमार्जन में तेजी लाने का सख्त निर्देश
- Rohtas News: बेटी के प्रेमी संग फरार होने से दुखी पिता ने सोन नदी में लगाई छलांग, रोहतास में SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी
आपका छोटा सा सहयोग हमारी पत्रकारिता को नई मजबूती देता है।



