सीतामढ़ी, 26 सितंबर 2026। बदलते मौसम और प्राकृतिक आपदाओं से स्कूली बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए सीतामढ़ी जिले के विद्यालयों को अब ‘क्लाइमेट स्मार्ट’ बनाया जाएगा। इसी कड़ी में शनिवार को डुमरा स्थित कमला बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में जिला प्रशासन और यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में विशेष प्रशिक्षण शिविर का आगाज हुआ।
‘आपदा नहीं हो भारी, यदि पूरी हो तैयारी’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के ‘पीएम श्री’ और मॉडल स्कूलों के नोडल शिक्षकों को जलवायु अनुकूल शिक्षा और मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के गुर सिखाए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) सुजीत कुमार ने कहा कि एक ‘क्लाइमेट स्मार्ट स्कूल’ बनाने की शुरुआत खुद शिक्षक के आचरण से होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब शिक्षक जल संरक्षण और साफ-सफाई जैसी हरित आदतों को अपने दैनिक व्यवहार में उतारेंगे, तभी बच्चे उनसे प्रेरित होंगे। केवल सुंदर इमारत से स्कूल स्मार्ट नहीं होता, बल्कि स्थानीय जलवायु और आपदा जोखिमों से निपटने की मुकम्मल तैयारी ही इसे सही मायनों में सुरक्षित और बाल-केंद्रित बनाती है।
यूनिसेफ के राज्य समन्वयक पल्लव कुमार और जिला सलाहकार गौरव श्रीवास्तव ने शिक्षकों को रिस्क असेसमेंट, क्लाइमेट मैपिंग और हजार्ड हंट जैसे अहम विषयों की तकनीकी जानकारी दी। मास्टर ट्रेनर्स ने बताया कि स्कूल परिसर में बाढ़, लू, पेयजल संकट और आकाशीय बिजली जैसे खतरों की पहचान कर ‘क्लाइमेट एक्शन प्लान’ कैसे तैयार करें। साथ ही बच्चों की सक्रिय सहभागिता के लिए बाल संसद और मीना मंच से जुड़े छात्र-छात्राओं को ‘क्लाइमेट एंबेसडर’ के रूप में नेतृत्व सौंपने पर विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम के अंतिम सत्र में डीपीओ सुजीत कुमार ने कमला गर्ल्स हाई स्कूल प्रांगण में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का व्यावहारिक संदेश दिया। इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण में यह निष्कर्ष निकलकर आया कि एक सुरक्षित और हरित विद्यालय के लिए शिक्षक, बच्चे, स्कूल प्रबंधन और स्थानीय समुदाय को मिलकर काम करना होगा।
मौके पर बीईपी के संजय पाठक, विद्यालय के प्रधानाचार्य होड्डा जी, और नोडल शिक्षक पूनम कुमारी व काजल सिंह सहित कई अन्य शिक्षाकर्मी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
- Sitamarhi News: सीतामढ़ी में संभावित बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट, एसडीओ ने रुन्नीसैदपुर में तटबंधों और अस्पतालों का किया औचक निरीक्षण
- Sitamarhi News: पर्व-त्योहार से पहले पुपरी में प्रशासन अलर्ट, नशे और अपराध पर कड़ी नजर के निर्देश
- Sitamarhi News: तिरहुत स्नातक और शिक्षक चुनाव की तारीखें घोषित, 23 अक्टूबर को मतदान और 27 को आएंगे नतीजे
- Sitamarhi News: सीतामढ़ी में ऋण देने में देरी पर डीएम सख्त, बैंकों से कहा- लापरवाही बर्दाश्त नहीं
- Sitamarhi News: रहने के लिए जमीन नहीं तो पटना जाने की जरूरत नहीं, 22 सितंबर से लगेंगे अभियान बसेरा के शिविर
आपका छोटा सा सहयोग हमारी पत्रकारिता को नई मजबूती देता है।



